डायट के साइंस लेक्चरर को स्कूलों में भेजने के आदेश
डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा ने जारी किया परिपत्र
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में साइंस विषय के लेक्चरर की कमी को दूर करने के लिए पंजाब की जिला शिक्षा व सिखलाई संस्था (डायट) में कार्यरत करीब 70 लेक्चरर को स्कूलों में भेजने के आदेश जारी कर दिए है। इन सभी लेक्चरर को स्कूल अलॉट करने के लिए 6 अगस्त सोमवार को मोहाली स्थित पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के आडिटोरियम में तलब कर लिया गया है।
डायरेक्टर जनरल स्कूल शिक्षा (डीजीएसई ) की ओर से जारी परिपत्र के अनुसार सरकारी स्कूलों में साइंस विषय भौतिक विज्ञान,जीव विज्ञान व गणित विषय के लेक्चरर कॉडर की कई पोस्टें खाली पड़ी है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई पर सीधा असर हो रहा है, जिसके चलते सूबे के विभिन्न जिलों में चल रही 16 डायट में काम कर रहे साइंस विषय के लेक्चरर को नजदीकी सरकारी स्कूलों में तैनात किया जा रहा है। डीजीएसई ने राज्य के तमाम जिला शिक्षा अधिकारियों व डायट के प्रिंसिपलों को परिपत्र के साथ संबंधित लेक्चरर की सूची भेजते हुए इन सभी को 6 अगस्त सोमवार को मोहाली में सुबह 10 बजे हाजिर करवाने के निर्देश दिए है।
रोपड़ डायट में सबसे ज्यादा 8 लेक्चरर
डायट से सरकारी स्कूलों में भेजे वाले लेक्चरर की सूची में सबसे ज्यादा 8 लेक्चरर रोपड़ की डायट में तैनात है। लुधियाना व फरीदकोट के 7-7, फिरोजपुर के 6 और अमृतसर, बठिंडा, कपूरथला व मुक्तसर के 5-5 लेक्चरर को तब्दील किया जाना है। इसके अलावा फतेहगढ़ साहिब, जालंधर व पटियाला के 4-4, गुरदासपुर व मोगा के 3-3 और होशियारपुर व संगरूर डायट के 2-2 लेक्चरर शामिल है।