सरकारी अधिकारी की खाली कोठी से मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
अबोहर। उपमंडल के गांव गिदड़ांवाली में शनिवार रात एक 29 वर्षीय पशु चिकित्सक की हत्या कर दी गई। रविवार सुबह उनका शव खेतों के बीच बनी एक सरकारी अधिकारी की खाली कोठी से बरामद हुआ। मृतक की पहचान गांव निवासी अमनदीप सिंह के रूप में हुई है।
सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक अमनदीप सिंह और थाना खुईयां सरवर के थाना प्रभारी परमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। गांव के सरपंच देसराज ने बताया कि कोठी उपमंडल मजिस्ट्रेट जगजीत सिंह की है, जो पटियाला में तैनात हैं। कोठी की देखरेख खेती करने वाले लोग करते हैं। प्रारंभिक जांच में मृतक के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। पुलिस को तेजधार और नुकीले हथियार के इस्तेमाल का संदेह है, हालांकि कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से मिले मोबाइल फोन के आधार पर अमनदीप सिंह की पहचान हुई। सरपंच के अनुसार, अमनदीप सिंह पशु चिकित्सक के तौर पर काम करते थे और उनकी मंगनी भी हो चुकी थी। पुलिस हत्या के कारण, घटनाक्रम और इसमें शामिल आरोपियों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। इस घटना के बाद परिवार और गांव में शोक का माहौल है।