गांव रत्ता खेड़ा के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने फाइनेंस कंपनी के मुलाजिम की आंखों में मिर्च झोंककर 27 हजार 140 रुपये छीन लिए। मुलाजिम कंपनी से कर्ज लेने वाले विभिन्न गांवों के ग्रामीणों से किश्त इकट्ठा कर बाइक पर लौट रहा था। थाना जलालाबाद पुलिस ने रविवार को पीड़ित के बयान पर चार अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़ित जसकन सिंह वासी गांव मूसा थाना मानसा ने पुलिस को बताया कि वह मुक्तसर में एक फाइनेंस कंपनी में मुलाजिम है। कंपनी से कर्ज लेने वाले ग्रामीणों से किश्तें इकट्ठा कर वह बाइक पर मुक्तसर ब्रांच लौट रहा था। जैसे ही गांव रत्ता खेड़ा से एक किलोमीटर आगे लिंक रोड मदरसा साइड पहुंचा वहां दो बाइक पर सवार होकर चार लोग आए। उन्हाेंने उसकी आंख में मिर्च झोंककर पैसों वाला बैग छीन लिया। यही नहीं आरोपी उसका मोबाइल, कंपनी की रसीद बुक व पर्स भी छीनकर ले गए। एएसआई इकबाल सिंह के मुताबिक पीड़ित के बयान पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।