अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने विद्यार्थियों को पंजाब विधानसभा का दौरा करने के लिए प्रेरित किया है। संधवां ने बताया कि 1 जनवरी, 2025 से अब तक 2408 विद्यार्थियों ने विधानसभा का दौरा किया है। इनमें 1237 विद्यार्थियों ने सत्र के दौरान विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए पहुंचे जबकि 1171 विद्यार्थियों ने गैर-सत्र दिनों में विधानसभा का दौरा किया। संधवां ने कहा कि पंजाब विधानसभा की सांविधानिक कार्यवाही को नजदीक से देखने के बाद विद्यार्थियों में राजनीति के क्षेत्र के प्रति रुचि विकसित हुई है जो देश के लोकतंत्र को सुदृढ़ करने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उनका यह दौरा उनके भावी जीवन के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। विद्यार्थियों ने पंजाब विधानसभा भवन की डिजाइन और वास्तुकला को देखकर आश्चर्य और प्रसन्नता व्यक्त की।