थाना सिटी साउथ पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकाबंदी कर बिना नंबरी बोलेरो कार से 235 पेटियां अवैध शराब बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान गाड़ी सवार चार तस्कर मौके से फरार हो गए। जानकारी देते थाना सिटी साउथ के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि जसविंदर सिंह शिंदर, हरसिमरन सिंह, अमनदीप सिंह बत्तरा और हरमिंदर सिंह काला अवैध शराब की तस्करी करते है। सूचना थी कि चारों तस्कर शुक्रवार की रात को चंडीगढ़ से अवैध शराब लेकर आ रहे है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार की रात को चड़िक चौक के पास नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान जब वहां से एक बिना नंबरी बोलेरो गाड़ी गुजरने लगी तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो कार में से चार लोग उतरकर वहीं गाड़ी छोड़कर भाग गए। गाड़ी में पुलिस ने 235 पेटियां अवैध शराब मार्का चंडीगढ़ बरामद करने के बाद गाड़ी व शराब कब्जे में ले ली और उसके बाद चारों तस्करों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत के दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है। जांच अधिकारी ने यह भी बताया कि चारों तस्करों के खिलाफ पहले भी शराब तस्करी के कई केस दर्ज हैं।