आंगनबाड़ी वर्करों ने लगाया धरना
सीडीपीओ को परेशान करने का आरोप लगाया, कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
अबोहर। गांव सीतो गुन्नो निवासी कुछ युवकों की ओर से सीडीपीओ को मानसिक रूप से परेशान करने के विरोध में सभी आंगनबाड़ी वर्करों व हेल्परों ने सीतो गुन्नों में धरना लगाकर प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीएम ने उनसे बातचीत करते हुए धरना समाप्त करवाया। आंगनबाड़ी वर्करों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए उक्त युवकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
धरनारत आंगनबाड़ी वर्करों ने एसडीएम को बताया कि गांव के कुछ युवकों ने नवंबर में सीडीपीओ गीतारानी से सर्वे रजिस्टर ले लिया जो अब तक वापस नहीं किया गया। इसके साथ ही उक्त युवक बार-बार आरटीआई लगाकर सीडीपीओ की निजी जिंदगी के बारे में जानकारी मांग कर उन्हें मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। उन्होंने कहा कि अगर शीघ्र ही उक्त युवकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न की गई तो पूरे प्रदेश की आंगनबाड़ी वर्कर और हेल्पर सीतो गुन्नों में अनिश्चितकालीन धरना लगाएंगी। एसडीएम पूनम सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि शीघ्र ही उक्त युवकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आरटीआई के माध्यम से किसी भी महिला पुरुष की निजी जिंदगी में दखल नहीं दिया जा सकता। कोई ऐसा करता है तो यह कानूनी अपराध है।
इस समाचार की फोटो एबीआर 3 भेजी जा रही है।