सेवा केंद्रों के काम पर नजर रखेंगे एसडीएम
डिप्टी कमिश्नर ने बैठक में कामकाज का जायजा लेकर जारी किए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। शहर निवासियों को समय पर सेवाएं उपलब्ध करवाने और सेवा केन्द्रों के कामकाज में सुधार लाने के लिए डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा ने समूह सब डिवीजनल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को निर्देश जारी किए हैं। इस नए निर्देंश के तहत सभी एसडीएम को अपने अधिकारिक क्षेत्र में पडते सेवा केन्द्रों के कामकाज पर निरंतर नजर रखनी होगी।
मंगलवार को सेवा केन्द्रों के कामकाज का जायजा लेने संबंधित मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए डीसी ने कहा कि बुनियादी ढांचों में सुधार करते हुए जिले में 34 सेवा केंद्र फिर से शुरू किए गए हैं। इसमें डीसी कार्यालय समेत, सरकारी स्कूल मॉडल टाऊन, लंबा पिंड, पिम्स अस्पताल, दोमोरिया पुल के नीचे, लद्धेवाली, आदमपुर नजदीक बीडीपीओ कार्यालय, अलावलपुर नजदीक बस स्टैंड, बलटर्न पार्क, गांव ढिल्लवां, खुरला किंगरा, बस्ती मिट्ठू, न्यू सब्जी मंडी मकसूदां, भोगपुर, करतारपुर, गुरु अमरदास कालोनी, कोट सदीक, वरियाना, जंडूसिंघा, प्राथमिक हेल्थ सेंटर महतपुर, एसडीएम नकोदर कार्यालय, नकोदर बस स्टैंड नजदीक, दशहरा ग्राउंड शाहकोट, फूल रोड लोहियां, नूरमहल, बड़ां पिंड रोड गुराया, सुविधा सेंटर फिल्लौर, रुड़का कलां, बैकसाइड पटवारखाना फिल्लौर, ग्राम पंचायत बिलगा इत्यादि शामिल हैं।
डीसी ने कहा कि सभी सेवा केन्द्र लोगों को समय पर सेवाओं को उपलब्ध करवाएंगे और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। डीसी ने सेवा केन्द्रों के जिला मैनेजरों को भी निर्देश दिए है कि पेंडिंग मामलों का जल्द से निपटारा किया जाये। वहीं सेवाओं में देरी करने वाले सेवा केन्द्रों की मैनजमेंट के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर एडीसी जसबीर सिंह, एसडीएम परमवीर सिंह, नवनीत कौर बल्ल, राजीव वर्मा, वरिन्दर पाल सिंह बाजवा और संजीव शर्मा उपस्थित थे।