सिविल अस्पताल के जच्चा-बच्चा वार्ड में हंगामा
मरीज के परिजनों ने कर्मचारियों पर लगाया अभद्रता का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। सिविल अस्पताल में एक व्यक्ति ने 108 एंबुलेंस के मुलाजिमों और सिविल अस्पताल में तैनात प्राइवेट गार्ड पर बदतमीजी व मारपीट करने का आरोप लगाया है। इस बात पर के जच्चा-बच्चा वार्ड में हंगामा हो गया। इसके बाद सिविल अस्पताल में तैनात पुलिस मुलाजिम व अन्य कर्मचारियों ने मामला शांत करते हुए बच्चे को अस्पताल में दाखिल करवाया।
एंबुलेंस के मुलाजिम पर आरोप लगाते हुए ऋषि नगर निवासी आनंद किशोर ने बताया कि उनकी बहन निर्मला व उनका 8 माह का बेटा जच्चा-बच्चा वार्ड में दाखिल थे। शनिवार को बच्चे की तबीयत खराब होने के कारण उसे रेफर करने के लिए 108 एंबुलेंस को बुलाया तो एंबुलेंस मुलाजिमों ने बच्चे को लापरवाही से उठाया। उन्होंने एतराज जताया तो मुलाजिमों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने इस बारे में अस्पताल में तैनात सिक्योरिटी मुलाजिम से कहा तो उसने भी उनसे मारपीट की।
जब हरविंदर सिंह से पूछा गया तो उन्होंने मारपीट की बात से इंकार किया। उसने बताया कि वह तो एंबुलेंस मुलाजिम व उक्त व्यक्ति में झगड़ा छुड़ाने गया था। एंबुलेंस के ईएमटी अनिल शर्मा ने बताया कि उन्होंने कोई मारपीट नहीं की बल्कि मरीज के परिजनों ने उनसे मारपीट की है।