तलवाड़ा। अंतरराष्ट्रीय रामसर वेटलैंड पौंग बांध झील के पास प्रवासी पक्षियों का बर्ड फ्लू से मरने का सिलसिला 21वें दिन भी जारी रहा। रविवार को 21 प्रवासी पक्षियों की मौत हुई। धमेटा रेंज में 1 और नगरोटा सुरियां रेंज में 20 पक्षी मृत मिले।
वन्य जीव प्राणी विभाग के पीसीसीएफ अर्चना शर्मा व डीएफओ राहुल एम रेहाणे के अनुसार अब तक 4921 प्रवासी पक्षियों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पूरी मुस्तैदी से मृत प्रवासी पक्षियों को बोरियों में एकत्र करके पौंग झील से दूर ले जाकर गड्ढे में डालकर जलाने के बाद दबाया जा रहा है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला प्रशासन ने पौंग झील के किनारे जाने सहित मछुआरों के मछली पकड़ने पर भी पाबंदी लगाई हुई है। पालतू पशुओं को भी पौंग झील में छोड़ने पर पाबंदी है। उन्होंने कहा कि पौंग झील के किनारे खेती करने वाले लोगों के विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उम्मीद है कि आगामी कुछ ही दिनों में बर्ड फ्लू पर काबू पा लिया जाएगा।