मुक्तसर में बंद रहीं 125 केमिस्ट शॉप
मुक्तसर। देशव्यापी हड़ताल के तहत मुक्तसर शहर की करीब सवा दो सौ केमिस्ट शॉप पूरी तरह बंद रही। हड़ताल के चलते केमिस्ट शॉप पर दवाएं खरीदने पहुंचे मरीजों के तीमारदारों को बैरंग लौटना पड़ा। केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव कुमार रिच्ची ने बताया कि ऑनलाइन फार्मेसी को सरकार मान्यता देने जा रही है। इससे उनके कारोबार पर पडना स्वाभाविक है। एक तरफ सरकार कहती है कि डॉक्टरों की पर्ची के बिना दवाई नहीं बेची जा सकती। दूसरी तरफ ऑनलाइन सिस्टम से कोई भी बिना डॉक्टरी पर्ची के दवा मंगवा सकता है। रिच्ची के अनुसार हड़ताल के चलते मुक्तसर शहर में रिटेल व होलसेल से संबंधित करीब 20 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। सिविल अस्पताल में स्थित डिस्पेंसरी व केमिस्ट शॉप आम दिनों की तरह ही खुले रहे। एसएमओ डॉ. सुमन वधावन के अनुसार आम दिनों की तरह ही मरीजों को देखा गया और डिस्पेंसरी व दुकानें खुली रहीं।