ट्रक ऑपरेटरों की हड़ताल, बढ़ने लगे वस्तुओं के दाम
93 लाख ट्रकों के पहिए जाम, दूध और सब्जियों की सप्लाई भी प्रभावित
प्रदर्शनकारियों ने सोमवार को भी रोके ट्रक, की नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। डीजल की बढ़ती कीमतों, जीएसटी, टोल प्लाजा समेत कई मुद्दों को लेकर ऑल इंडिया मोटर्स ट्रांसपोर्ट कांग्रेस के आह्वान पर की गई हड़ताल के कारण सोमवार को भी ट्रकों का चक्का जाम रहा। सोमवार को भी ट्रक आपरेटरों ने शहर में चल रहे कुछ ट्रकों को रुकवाया। इस दौरान ट्रक आपरेटरों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। हड़ताल में शामिल हो रहे 93 लाख के करीब ट्रकों के कारण रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर असर पड़ना शुरू हो गया है। खाने-पीने की वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि शुरू हो गई है। दूध व सब्जियों की सप्लाई भी प्रभावित होनी शुरू हो गई है। हड़ताल का सीधा असर आम आदमी पर पड़ा है। ट्रक हड़ताल के कारण दूसरे राज्यों से आने वाली सब्जियों व दूध की सप्लाई प्रभावित हो रही है। रोजमर्रा वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी होनी शुरू हो गई है। आने वाले दिनों में खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में और वृद्धि होने की संभावना है। हड़ताल के बाद मंडी में कई सब्जियों व फलों के दाम बढ़ गए हैं। हड़ताल ऐसे ही जारी रही तो आने वाले दिनों में महंगाई के कारण आम लोगों का बजट गड़बड़ा सकता है।