पुत्र की मुराद पूरी होने पर तड़ागी डलवाने पहुंची संगत
कपूरथला का प्रसिद्ध बाबा तड़ागिया वाले का मेले का समापन
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। जालंधर-कपूरथला रोड स्थित गांव वडाला कलां में हर साल की तरह इस साल भी देश-विदेश में प्रसिद्ध बाबा तड़ागिया वाले के स्थान सालाना मेला बाबा तड़ागिया वाला प्रबंधक समिति की तरफ से समूह इलाके की संगत के सहयोग से मनाया गया। मेले को मुख्य रखते हुए बीते तीन दिन से ही गुरुद्वारा साहिब मे संगत का आगमन शुरू हो गया था। रविवार को सुबह गांव के रंधावा परिवार के नवजन्मे पहले बच्चे को तड़ागी पहनाने के बाद बाकी बच्चों को तगाड़ी डालने की शुरुआत की गई। देशभर से संगत अपने नवजात पुत्रों को ढोल बाजों के साथ भंगडे़ डालते हुए और हाथों से लंगर तैयार करके सुबह से ही गुरुद्वारा साहिब पहुंचनी शुरू हो गई थी। सुबह के समय संगत की बहुत भीड़ थी। दोपहर के समय भीड़ कुछ कम हुई, लेकिन शाम होते ही संगत फिर से बड़ी संख्या में गुरुद्वारा साहिब में तड़ागी के लिए पहुंचनी शुरू हो गई। मेले के प्रति संगत में इतनी श्रद्धा और उत्साह देखा गया कि गुरुद्वारा साहिब के एक किलोमीटर के घेरे में संगत ही संगत नजर आ रही थी। संगत के लिए गुरुद्वारा प्रबंधक समिति की तरफ से चाय, लंगर और छबीलों का प्रबंध किया गया था। वही गांव वडाला खुर्द, ढपई्, कोहाला, खैरा माझा, कोट गोबिंदपुर, धालीवाल दोना आदि गांवों की संगत की तरफ से ठंडे मीठे जल की छबीलें लगाई गई थीं। जोड़ मेलों के संबंध में गुरुद्वारा साहिब में भारी धार्मिक दीवान सजाए गए, जिनमें कविशर गुरविंदर सिंह, कविशर हरबंस सिंह, ढाडी बलदेव सिंह एमए, ढाडी बलदेव सिंह जत्थों की तरफ से संगत को गुरबानी इतिहास से अवगत कराया गया। मेले प्रबंधक समिति की तरफ से दानी सज्जनों, ढाडी, रागी जत्थों और गणमान्यों को सिरोपा देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्रधान प्रीतम सिंह, गुरदेव सिंह, दर्शन सिंह, गुरदयाल सिंह, जगदीश वडाला पूर्व सरपंच, गुरमीत सिंह, सरपंच स्वर्ण सिंह, स्वर्ण सिंह इटली, पूर्व सरपंच गुरदयाल सिंह, गुरमीत सिंह, देबा सिंह, सुखदेव सिंह, करमजीत सिंह स्टेज सचिव, मुखिंदर सिंह, जसवंत सिंह, अवतार सिंह औजला, अमरजीत सिंह ढपई, अजमेर सिंह ढपई, दलजीत सिंह बसरा, भूपिंदर सिंह धुआंखे, इंद्रजीत सिंह व जरनैल सिंह इब्बण मौजूद थे।