बाजार बंद कर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन
मारपीट के मामले में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लाया
पुलिस के आश्वासन पर दुकानें खोलने के लिए माने दुकानदार
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। रेलवे स्टेशन के निकट दुकानदारों ने पुलिस के विरुद्ध रोष प्रदर्शन किया और दुकानें बंद कर पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया। मौका पर पहुंचकर पुलिस ने आश्वासन दिया, जिसके बाद दुकानदार दुकानें खोलने के लिए माने।
पुलिस पर आरोप था कि हमला करने वाले दूसरे पक्ष के विरुद्ध दी गई शिकायत पर ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे उसे अदालत से अग्रिम जमानत मिलने का मौका मिल गया। घटना 9 जून, 2018 की है। रॉयल गेस्ट हाउस के मालिक विजय अरोड़ा ने बताया कि सीजे गेस्ट हाउस के चिंटू ने उनके बेटे संचित पर तेजधार हथियार से हमला करके उसे घायल कर दिया था। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस से की थी। उसका बेटा अभी भी सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है। मामले में पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। किसी आरोपी को गिरफ्तार तक नहीं किया गया।
बुधवार को चिंटू कई दिन बाद गेस्ट हाउस खोलकर बैठ गया। पता चलने पर की वह अदालत से अग्रिम जमानत ले आया तो पीड़ित पक्ष और उसके समर्थक दुकानदार भड़क उठे औक उन्होंने अपनी दुकानें बंद कर दीं। इसके बाद पुलिस के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। मामला बढ़ता देख चिंटू अपने गेस्ट हाउस का शटर गिराकर वहां से चला गया। मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने विजय अरोड़ा को यह आश्वासन दिया कि उसे पूरा इंसाफ मिलेगा, जिसके बाद लोगों ने दुकानें खोलीं।