डीआरएम दफ्तर में बायोमैट्रिक हाजिरी
रेलकर्मियों का कहना अधिकारियों की भी लगे बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी,
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
रेल मंडल कार्यालय फिरोजपुर में बायोमैट्रिक उपस्थिति मशीन से रेलकर्मियों की हाजिरी लगना शुरू हो गई है, सभी रेलकर्मी डीआरएम दफ्तर में अपनी-अपनी ब्रांचों में सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचेंगे। दूसरी तरफ रेलकर्मियों का कहना है कि अधिकारियों की हाजिरी भी उक्त मशीन के जरिए लगे। नार्दन रेलवे दिल्ली के वरिष्ठ अधिकारियों की भी उक्त मशीन से हाजिरी लग रही है, तो डीआरएफ फिरोजपुर में भी अधिकारियों की हाजिरी मशीन के जरिये लगे।
रेलकर्मियों ने बताया कि 25 अप्रैल को सीनियर डिवीजनल पसर्नल अधिकारी ने आदेश जारी किए हैं कि सभी कर्मियों की हाजिरी बायोमैट्रिक मशीन के जरिये लगेगी और सभी कर्मी सुबह साढ़े नौ बजे डीआरएम दफ्तर अपनी-अपनी ब्रांचों में पहुंच जाए। शाम को आफिस से घर जाने का समय निश्चित नहीं किया है। इसके अलावा अधिकारियों की हाजिरी के लिए मशीनें नहीं लगी है। सुबह आफिस में अधिकारियों के आने का समय निश्चित नहीं किया है और न ही उनकी हाजिरी के लिए मशीनें लगाई हैं।
रेलकर्मियों ने बताया कि दिल्ली हैड क्वार्टर में बायोमैट्रिक मशीनें लगी हैं और अधिकारियों की हाजिरी भी मशीनों से लगती है। वहां पर सुबह दफ्तर में अधिकारियों के आने का समय भी निश्चित है। दिल्ली हेड क्वार्टर में मार्च से बायोमैट्रिक मशीन से रेलकर्मियों व अधिकारियों की हाजिरी लग रही है, जबकि फिरोजपुर डिवीजन में बायोमैट्रिक मशीन से हाजिरी लगने का कार्य बहुत देरी से शुरू हुआ है।