काठगढ़ शिवरात्रि महोत्सव में लाखों भक्त टेकेंगे माथा
हलका विधायक रीता धीमान ने किया तीन दिवसीय महोत्सव का उद्घाटन
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। पंजाब-हिमाचल सीमा पर स्थित प्राचीन शिव मंदिर काठगढ़ में तीन दिवसीय शिवरात्रि महोत्सव रविवार को शुरू करवा दिया। महोत्सव का उद्घाटन हलका विधायक रीता धीमान ने किया। उन्होंने लोगों को शिवरात्रि महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि प्रमुख त्यौहार है। कहा कि भगवान शिव का यह सदियों पुराना ऐतिहासिक मंदिर है यहां के शिवरात्रि महोत्सव का अपना अलग महत्व है।
धीमान ने कहा कि प्रदेश में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं और प्रदेश सरकार मंदिरों के सुंदरीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को विकसित कर इस क्षेत्र को ओर अधिक बढ़ावा देने पर ध्यान दे रही है। उन्होंने मंदिर कमेटी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सदस्यों की कड़ी मेहनत और लग्न से यहां पर आयोजित होने वाले इस मेले में हर साल श्रद्धालुओं की संख्या में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है। इस बार काठगढ़ महादेव के दर्शनों के लिए पंजाब, हिमाचल, हरियाणा और दिल्ली से 1 से डेढ़ लाख श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने मंदिर कमेटी को विकास कार्यों के लिए अपनी ओर से 1 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने मंदिर के लिए11 हजार रुपए, सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों के दो समूहों को 1100-1100 रुपए तथा दो बच्चों को 500-500 रुपये देने का एलान किया। इस मौके पर मंदिरके मुख्य पुजारी महंत काली दास, मंदिर कमेटी के उप-प्रधान कृष्ण गोपाल शर्मा, कुलदीप सिंह, महासचिव सुभाष शर्मा, कार्यालय सचिव योगेंद्र पाल भारद्वाज, प्रेस सचिव सुरेंद्र शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश कटोच, युद्धवीर, त्रिलोचन सिंह, अमरजीत सिंह, बलवीर सिंह, प्रेमसिंह, पवन शर्मा विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायतों के प्रधान एवं मंदिर व मेला कमेटी के सदस्य व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।