मंडी में आधी रात युवकों का हुड़दंग
किसानों ने दोधियों से दूध लेकर राहगीरों को पिलाया
गांव शेरांवाली में एक दोधी का दूध उडे़ला सड़क पर
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर। किसानों के आंदोलन को शनिवार भी मिला-जुला समर्थन मिला। भले ही किसानों ने शहर से बाहर लोगों को मंडी में सब्जियां लाकर आने से रोका। फिर भी चोरी छिपे लोग बड़ी संख्या में मंडी में सब्जी लेकर पहुंचे। किसानों ने मंडी में पहुंचकर भी सब्जी विक्रेताओं को साथ देने के लिए सहयोग मांगा। वहीं शुक्रवार की रात कुछ युवकों ने मंडी में हुड़दंग मचाया। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी ने उन्हें खदेड़ दिया।
संघर्ष के दूसरे दिन टिब्बी साहिब रोड पर भाकियू सिद्धूपुर के जिलाध्यक्ष सुखदेव सिंह समेत अन्य किसानों ने शहर में सब्जी लेकर आने वालों को रोका और उन्हें वापस जाने की अपील की। इसके साथ ही दोधियों को भी रोका कर वापस भेज दिया। किसान बाज सिंह के नेतृत्व में किसानों ने मंडी में पहुंचकर दुकानदारों से साथ देने की अपील की। जिस पर मंडी के दुकानदारों ने सोमवार से उनका साथ देने का भरोसा दिया। उधर, साथ ही बताया कि रात साढ़े ग्यारह बजे करीब पचास युवक आए थे. जिनके हाथ में लाठियां थी उन्होंने मंडी में आकर हंगामा किया और दुकानदारों के सेब आदि का नुकसान भी किया। थाना सिटी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवकों को भगा दिया। अबोहर रोड से आने वाले दोधियों से दूध लेकर किसानों ने आने-जाने वालों को पिला दिया। आदर्श नगर में एक दोधी से दूध लेकर आसपास की गरीब बस्ती में एक क्विंटल दूध बांट दिया। मलोट हलके के गांव शेरांवाली में किसानों ने दोधी का दूध उड़ेल दिया। बसों में भी चेकिंग कर दूध ले लिया। शहर में डेयरी पर दूध आम की तरह मिलता रहा। सब्जियों की रेहड़ी भी वैसे ही लगी रही। हालांकि घरों में दूध वाले नहीं पहुंचे। लोगों को डेयरी पर से दूध लाना पड़ा।