इराक में मारे गए कुलविंदर के परिवार को मिली आर्थिक मदद
परिवार को मिला मुफ्त स्वास्थ्य लाभ और बच्चों को मिलेगी छात्रवृत्ति
डीसी और एसएसपी ने पीड़ित परिवार को सौंपा एक लाख का चेक
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर।
इराक में मारे गए लोगों के परिवारों का एनआरआई ने संचालित संगठनों ने हाथ थामा है। गांव खानके के परिवार को शुक्रवार को मुफ्त स्वास्थ्य सेवा और शिक्षा प्रदान की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा और एसएसपी देहाती गुरप्रीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ फिजिशियन इंडिया (एएपीआई) की करतारपुर इकाई ने शुक्रवार को कुलविंदर सिंह के पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात की।
संगठन के अध्यक्ष अमर सिंह चाहल और सचिव सुमन लता ने बताया कि कुलविंदर की पत्नी अमनदीप कौर, माता सिम्बो, बेटी संजना और बेटे हर्ष को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा दी जाएगी। इसके अलावा संजना और हर्ष को लक्ष्मण छात्रवृत्ति योजना के तहत नामांकित किया। इस तरह सभी स्तरों पर शिक्षा प्रदान करने के लिए पूरे खर्च प्रदान करने के लिए सहमति व्यक्त की। डीसी और एसएसपी ने पारिवारिक सदस्यों को राज्य सरकार की ओर से एक लाख रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की। अमर सिंह चहल और सुमन लता ने कहा कि इराक त्रासदी के हर पीड़ित परिवार की मदद के लिए संगठन तैयार है। इस दौरान एसडीएम परमवीर सिंह, पुलिस अधिकारी सरबजीत राय, युवा कांग्रेस के जिला प्रधान अश्विन भल्ला भी मौजूद थे।