होमगार्ड की तैनाती के लिए फाइल दिल्ली हेड क्वार्टर भेजी
रेलवे मानवरहित क्रॉसिंग फाटकों से गेट मित्र हटाकर होमगार्ड के जवान तैनात करने की तैयारी में
पंजाब में बिना गार्ड वाले फाटकों पर बढ़ रही है रेल दुर्घटनाएं, पंजाब में लगभग 70 फाटक
अनिल कुमार
फिरोजपुर।
पंजाब में बिना गार्ड वाले रेलवे क्रॉसिंग फाटकों पर बढ़ रही रेल दुर्घटनाओं को मद्देनजर रखते हुए रेलवे ने ऐसे फाटकों से गेटमित्र हटाकर पंजाब होमगार्ड के जवान तैनात करने की योजना तैयार की है। इस योजना की स्वीकृति के लिए रेल डिवीजन फिरोजपुर के अधिकारियों ने फाइल दिल्ली हेड क्वार्टर भेजी है। पंजाब में बिना गार्ड वाले रेलवे क्रॉसिंग फाटकों की संख्या तकरीबन 70 बताई जा रही है, जबकि पूरे डिवीजन में ऐसे फाटकों की संख्या 260 के करीब है।
रेल डिवीजन फिरोजपुर सेफ्टी विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पंजाब में मानव रहित फाटकों पर रेल दुर्घटनाएं बहुत होती हैं, ऐसे फाटकों पर गेट मित्र तैनात किए हैं, इन गेट मित्रों की बात वहां से गुजरने वाले लोग नहीं मानते हैं। ऐसी ही एक रेल दुर्घटना करवा चौथ पर्व पर जलालाबाद के पास मानव रहित फाटक पर घटी थी कि गेट मित्र गुरदेव सिंह ट्रक को हाथ देकर रोक रहा था, लेकिन उसका चालक नहीं रुका और वहां ट्रेन आने से टक्कर हो गई, इस घटना में ट्रेन पायलट की मौत हो गई थी। रेल डिवीजन फिरोजपुर के तहत राज्य जम्मू-कश्मीर, हिमाचल व पंजाब में 1022 लेबल क्रॉसिंग गेट है, इनमें 731 पर रेलवे फाटक बने हैं। रेलवे ने कुछेक फाटकों पर आरयूबी बना दिए हैं। पंजाब में लगभग 70 मानव रहित फाटक हैं, जिन पर पंजाब होमगार्ड के जवान तैनात किए जाने का विचार-विमर्श किया जा रहा है। मानव रहित रेलवे फाटकों पर होमगार्ड जवानों की तैनाती किए जाने से मंडल रेलवे के उपर 18 करोड़ 72 लाख रुपये का अतिरिक्त भार पडे़गा। पंजाब में होमगार्ड जवानों का वेतन इन दिनों प्रतिमाह तीस हजार के लगभग है। जबकि गेट मित्रों को छह हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाते हैं। जानकारों का कहना है कि एफसीआई का होमगार्ड के साथ कांट्रैक्ट था, होमगार्ड के जवान महंगे पड़ने के कारण एफसीआई ने 2017 में कांट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाया। कांट्रैक्ट खत्म होने पर साढ़े तीन सौ जवान अपनी बटालियनों में लौट आए हैं।