मतदान तक सभी की छुट्टियां रद्द
जालंधर। लोकसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली हैं। चुनाव की तैयारियों को लेकर आए दिन कोई न कोई मीटिंग हो रही है। वीरवार को डीसी कम जिला चुनाव अधिकारी वरिंदर कुमार शर्मा ने कहा कि मतदान तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। सभी को चुनावी ड्यूटी देनी पड़ेगी। जिला प्रशासन ने सभी सरकारी विभागों को यह आर्डर जारी कर दिए हैं।
डीसी ने कहा कि छुट्टी लेने या ड्यूटी से बचने के लिए सरकारी मुलाजिम किसी भी तरह कोई बहाना न लगाएं। जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की चुनावी ड्यूटी लगाई गई हैं, उनको अपनी ड्यूटी पूरे उत्साह से निभानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनावी ड्यूटी को निभाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही को सहन नहीं किया जाएगा। किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को चुनाव आयोग की हिदायतों का उल्लंघन करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। चुनावी ड्यूटी पर लापरवाही करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।