पेड़ की टहनी से बचाने के प्रयास में स्कूटी से हुई टक्कर, सड़क पर गिरते ही पोती के ऊपर से गुजर गया कैंटर का टायर
संवाद न्यूज एजेंसी
जलालाबाद। उपमंडल के अरनीवाला में शुक्रवार दोपहर एक सड़क हादसे में 18 वर्षीय सुखमन कौर की मौके पर मौत हो गई। उसकी दादी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
दादी-पोती इलेक्ट्रिक स्कूटी पर अरनीवाला से गांव बुर्ज हनुमानगढ़ लौट रही थीं। डबवाला-अरनीवाला रोड पर सामने से आ रहे कैंटर ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवती के सिर के ऊपर से कैंटर का टायर गुजर गया। पूर्व सरपंच गुरवीर सिंह के अनुसार, कैंटर चालक पेड़ की टहनी से बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर स्कूटी से टकराया। लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फाजिल्का के सरकारी अस्पताल भेजा है। सुखमन कौर के पिता का दो वर्ष पहले निधन हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।