किसानों के धरने से पठानकोट-अमृतसर रूट की दो ट्रेनें रद्द, दो डायवर्ट
पूछताछ केंद्र में ट्रेनों की स्थिति पूछते रहे अमृतसर जाने वाले यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। किसानों की ओर से जंडियाला गुरु में रेल ट्रैक पर लगाए गए धरने के कारण पठानकोट-अमृतसर रेल सेक्शन की दो ट्रेनें रद्द हो गईं। दो ट्रेनों को वाया अमृतसर की बजाय वाया पठानकोट मुकेरियां-जालंधर दिल्ली भेजा गया। इससे अमृतसर रूट पर जाने वाले सैकड़ों यात्रियों को अतिरिक्त किराया खर्च कर बसों में सफर करना पड़ा।
चार ट्रेनों के प्रभावित होने से अमृतसर रूट के यात्री खासे परेशान रहे। पूछताछ केंद्र पर ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए यात्रियों की लाइनें लगी रहीं। मंगलवार सुबह 7:30 बजे अमृतसर से पठानकोट आने वाली ट्रेन (54611) और पठानकोट से सुबह 8 बजे अमृतसर जाने वाली (54614) कैंसल हो गई। संबलपुर से जम्मूतवी जाने वाली मूरी एक्सप्रेस वहीं 22429/30 दिल्ली-पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस जो वाया अमृतसर के रास्ते आती थी वह वाया मुकेरियां के रास्ते पठानकोट पहुंची।
विभागीय सूत्रों का कहना है कि सुबह 7:30 बजे जो पैसेंजर पठानकोट पहुंचती है वह जालंधर से पहले अमृतसर पहुंचती है और फिर वहां से सुबह 4:40 बजे पठानकोट के लिए रवाना होती है। उधर, इस संदर्भ में जब ऑन ड्यूटी स्टेशन मास्टर विक्रम देव शर्मा से बात की तो उनका कहना था कि सुबह से जालंधर-अमृतसर रेल सेक्शन पर जंडियाला के पास किसान मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। इस कारण पठानकोट आने वाली दो पैसेंजर ट्रेनें कैंसल हैं। इसके अलावा संबलपुर से वाया अमृतसर के रास्ते पठानकोट आने व जाने वाली टाटा मूरी एक्सप्रेस और दिल्ली एक्सप्रेस के रूट में परिवर्तन किया गया है। मंगलवार को यह ट्रेन वाया मुकेरियां के रास्ते पठानकोट पहुंची।