गुरु साहिब की शिक्षा को जीवन में अपनाएं : सुखबीर
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला): शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष और पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने श्री गुरु नानक देव जी के 549वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर सिख भाईचारे को गुरु साहिब की शिक्षाओं को जीवन में अपनाने की अपील की है। उन्होंने करतारपुर साहिब, पाकिस्तान में गुरु साहिब के आखिरी स्थान के दर्शनों के लिए कॉरिडोर तैयार करने की पुरानी मांग पूरी करने के लिए एनडीए सरकार का धन्यवाद किया।
गुरुद्वारा बेर साहिब में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से आयोजित समागम में सुखबीर बादल ने कहा कि यह खुशी की बात है कि करतारपुर कॉरिडोर का नींव पत्थर 26 नवंबर को उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू की ओर से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही गर्व की बात है कि गुरु नानक देव महाविद्यालय अमृतसर में अंतर-धर्म अध्ययन के लिए एक सेंटर बनाया जा रहा है।
गुरु साहिब की शिक्षाएं बहुत महत्व रखती हैं : राज्यपाल
राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी समाज सुधारक थे, जिन्होंने यह शिक्षा दी कि परमात्मा एक है। आज के हिंसा भरे माहौल में गुरु साहिब की शांति और भाईचारे की शिक्षाएं बहुत ही महत्व रखती हैं।
मोदी जल्द ही करेंगे सुल्तानपुर लोधी का दौरा
केंद्रीय मंत्री (सांस्कृतिक व सभ्याचारक) महेश शर्मा और हरदीप सिंह पुरी भी इस पवित्र अवसर पर मौजूद रहे। इस दौरान शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश पढ़कर सुनाया, जिसमें इस बात पर जोर दिया गया था कि गुरु साहिब के 550वें प्रकाशोत्सव के जश्न पूरी दुनिया में बड़ी शान से मनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस महान पर्व पर खुद पीएम मोदी को आना था, लेकिन पांच राज्यों में चुनाव के चलते वे नहीं आ सके। जल्द ही पीएम मोदी सुल्तानपुर लोधी का दौरा करेंगे। हरदीप पुरी ने बताया कि सुल्तानपुर लोधी को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।
डांग मार गुरुद्वारा और ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारा की सेवा सिखों को सौंपने की अपील
श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह ने अपने संदेश में कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की विचारधारा में पूरी मानवता समाई हुई है। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर निर्माण और सिखों की अरदास सुनने के लिए अकाल पुरख का धन्यवाद किया। उन्होंने यह अपील भी की कि सिखों से बिछोड़े गए सभी गुरुद्वारों जैसे डांग मार गुरुद्वारा और ज्ञान गोदड़ी गुरुद्वारा आदि को सेवा संभाल के लिए सिखों को सौंपा जाए।
एसजीपीसी को नोडल एजेंसी बनाया : लौंगोवाल
एसजीपीसी के अध्यक्ष गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने कहा कि यह बहुत ही गर्व की बात है कि गुरु साहिब के 550वें प्रकाशोत्सव के जश्न को मनाने के लिए एसजीपीसी को नोडल एजेंसी और इल्म भाईवाल बनाया गया है। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर निर्माण को असली रूप देने के लिए की पहलकदमी के लिए अकाली दल के अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल का धन्यवाद किया। इस समागम में बाबा बलबीर सिंह बूढ़ा दल, संत बाबा हरपाल सिंह झौला वाल, बाबा हरनाम सिंह धुम्मां और बाबा गजण सिंह, बाबा बकाला वाले (तरना दल) आदि उच्च कोटि के संतों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अन्य के अलावा बलविंदर सिंह भूंदड़, निर्मल सिंह काहलों, प्रोफेसर प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बीबी जागीर कौर, जत्थेदार तोता सिंह, गुलजार सिंह रणीके, बीबी उपिंदरजीत कौर, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, किरनबीर सिंह कंग, बलदेव सिंह मान और दरबारा सिंह गुरु हाजिर थे।