बेअदबी के दोषियों को सजा दिलाएंगे: जाखड़
कांग्रेस प्रदेश प्रधान ने सूबे के पांच कैबिनेट मंत्रियों के साथ किया फरीदकोट का दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदकोट। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुनील जाखड़ ने बुधवार को सूबे के पांच कैबिनेट मंत्रियों नवजोत सिंह सिद्धू, तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, बलबीर सिंह सिद्धू, सुखजिंदर सिंह रंधावा,साधू सिंह धर्मसोत के साथ फरीदकोट का दौरा किया। इस दौरान वह गांव बुर्ज जवाहर सिंह वाला के स्थित गुरुद्वारा साहिब में पहुंचे, जहां पर बरगाड़ी बेअदबी प्रकरण की पहली घटना पावन स्वरूप चोरी होने का मामला सामने आया था। साथ ही पंजगराईं खुर्द में उन दो सिख नौजवान भाईयों से भी मिले, जिन्हें बादल सरकार के समय बरगाड़ी बेअदबी के आरोप में पकड़ा गया था और बाद में सुबूत न मिलने पर रिहा कर दिया गया।
इस मौके पर जाखड़ ने कहा कि बरगाड़ी बेअदबी मामले की घटनाओं की जांच करने वाले रणजीत सिंह आयोग ने अपनी रिपोर्ट में साफ कर दिया है कि इन घटनाओं के लिए मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की अगुवाई वाली सरकार ही पूर्ण रूप से जिम्मेवार थी, जिन्होंने दोषियों का पता लगने के बावजूद उन पर कार्यवाही करने से परहेज किया। उनकी वजह से ही बहिबल गोलीकांड व कोटकपूरा गोलीकांड की घटनाएं पेश आई जिसमें दो नौजवानों की मौत हुई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए।
कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने उनकी सरकार हर हाल में बेअदबी मामले के दोषियों को सजा दिलाकर ही दम लेगी। इस दौरान कांग्रेसी नेताओं ने बहिबल कलां में एक जनसभा को भी संबोधित किया और लोगों से शिअद नेताओं का विरोध करने और बेअदबी मामले में उनकी भूमिका को लेकर जबाव मांगने का आहवान किया। इस मौके पर विधायक कुशलदीप सिंह किक्की ढिल्लों, विधायक दर्शन सिंह बराड़, हरकंवलजोत सिंह, पूर्व विधायक मोहम्मद सदीक मौजूद थे।