साइंस सिटी के पूर्व डीजी डॉ. खंडपुर को नेशनल अवॉर्ड
विज्ञान के प्रचार-प्रसार के लिए नई दिल्ली में मिला सम्मान
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला।
साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग ने पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के पूर्व डायरेक्टर जनरल डॉ. आरएस खंड को नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया है। 28 फरवरी को नई दिल्ली के टेक्नोलॉजी भवन में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस समारोह आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि केंद्रीय साइंस एंड टेक्नोलॉजी व एनवायरमेंट मंत्री डॉ. हर्षवर्धन की मौजूदगी में डॉ. खंडपुर को साइंस एंड टेक्नोलॉजी विभाग के सेक्रेटरी डॉ. आशुतोष शर्मा ने सम्मान से नवाजा।
पुष्पा गुजराल साइंस सिटी के डीजी पद पर रहते हुए डॉ. आरएस खंडपुर की ओर से साइंस के प्रचार-प्रसार के लिए किए गए अथक प्रयासों पर भारत सरकार ने उन्हें दो लाख, प्रशंसा पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर मुहर लगाई है। डॉ. खंडपुर के कार्यकाल में साइंस सिटी हर किसी के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा यह सम्मान उन्हें 72 एकड़ में फैली साइंस सिटी को 100 करोड़ की लागत से बेहद ही आकर्षक ढंग से विकसित करने में अहम योगदान के लिए मिला है। डा. खंडपुर का साइंस को लेकर समर्पण इस बात से ही पता लगा है कि उन्होंने साइंस विषय पर 10 पुस्तकें लिखी हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान मेरा नहीं, बल्कि साइंस का है। विज्ञान के विस्तार, प्रचार और प्रसार के लिए उनके प्रयास पहले की भांति लगातार जारी रहेंगे।