कैलगरी पुलिस ने जारी की तस्वीरें ज्यादातर युवा स्टडी परमिट पर पहुंचे थे
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। कनाडा में रंगदारी और गोलीबारी की घटनाओं को लेकर कैलगरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 17 वांछित व्यक्तियों की तस्वीरें और पहचान संबंधी विवरण जारी किए हैं। ये व्यक्ति 59 मामलों की जांच में वांछित हैं।
पुलिस के अनुसार, लंबी जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर इन्हें वांछित घोषित किया गया है। इनमें से अधिकतर युवा स्टडी परमिट पर कनाडा पहुंचे थे। पुलिस का आरोप है कि ये कथित तौर पर आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गए। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के लिए आम लोगों से सहयोग मांगा है। आशंका है कि कुछ वांछित व्यक्ति कनाडा छोड़कर भारत भी पहुंच चुके हो सकते हैं। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
वांछितों की सूची और कानूनी प्रक्रिया
कनाडा अधिकारियों के मुताबिक, यदि किसी वांछित व्यक्ति के भारत में होने की पुष्टि होती है तो उसे वापस लाने के लिए इंटरपोल की मदद ली जा सकती है। पुलिस द्वारा जारी सूची में गगनदीप सिंह उर्फ गग्गी, तानवीर सिंह, कनुरीत कौर, रवजोत तूर, आकाशदीप सिंह, गुरकरन धालीवाल, इशानदीप सिंह, जरमनजीत सिंह उर्फ गैरी सिंह, अमनदीप सिंह, तरनवीर सिंह, करनबीर सिंह, अमनदीप मल्लि, संदीप सिंह उर्फ हरमन गिल, परदीप सिंह, जसकरन सिंह उर्फ जस्सी बुट्टर, अनुराग सिंह सिद्धू और दक्ष गौतम के नाम शामिल हैं। इन सभी 17 वांछितों की तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं। पुलिस का उद्देश्य लोगों की मदद से इनकी पहचान और संभावित ठिकानों का पता लगाना है। हालांकि, वांछित सूची में शामिल होने का अर्थ दोष सिद्ध होना नहीं है आरोपों का फैसला अदालत में साक्ष्यों के आधार पर होगा।