भाई मरदाना यादगारी कीर्तन दरबार 23 से
भाई मरदाना और बुलार भट्टी के परिजनों को वीजा नहीं दे रहा भारतीय दूतावास: भुल्लर
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। विश्व भाई मरदाना यादगारी कीर्तन दरबार सोसाइटी की ओर से फिरोजपुर में 23 और 24 फरवरी को भाई मरदाना यादगारी कीर्तन दरबार आयोजित किया जा रहा है। यह जानकारी प्रधान हरपाल सिंह भुल्लर ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया इस समागम में पाकिस्तान से भाई मरदाना और बुलार भट्टी के पारिवारिक सदस्य शिरकत करते हैं। इस बार पाक स्थित भारतीय दूतावास भाई मरदाना और बुलार भट्टी के परिजनों को वीजा नहीं दे रही है।
सोसाइटी के प्रधान भुल्लर ने कहा कि पाकिस्तान से आने वाले भाई मरदाना के परिवार से रबाबी नाइम तायर और बुलार भट्टी के परिवार से हरून भट्टी समेत 17 लोगों को भारतीय दूतावास वीजा नहीं दे रही है। इन्हें वीजा दिलवाने के लिए उन्होंने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को फैक्स किया है, जिसका अभी तक जवाब नहीं आया है। भुल्लर ने कहा कि इससे पहले भी फिरोजपुर में भाई मरदाना यादगारी कीर्तन दरबार आयोजित होने पर पाक से भाई मरदाना और बुलार भट्टी के परिजन आ चुके हैं और इन्होंने कभी भी वीजा की शर्तों का उल्लंघन नहीं किया है। भुल्लर ने कहा कि इस बार पाकिस्तान से 17 मेहमानों को समागम में आना है। पाक से भाई मरदाना और बुलार भट्टी के पारिवारिक सदस्य गुरु नानक देव जी की जीवनी संबंधी कीर्तन करेंगे और भाई मरदाना व बुलार भट्टी की जीवनी संबंधी लोगों को बताएंगे।