पटियाला और लंबी रैलियों के जवाब में इंसाफ मार्च आज
अमर उजाला ब्यूरो
कोटकपूरा (फरीदकोट)। जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट को लेकर शिअद और कांग्रेस के बीच राजनीतिक खींचतान चल रही है। इसके तहत 7 अक्तूबर को शिअद की तरफ से पटियाला और कांग्रेस की तरफ से लंबी (मुक्तसर) में रैलियां आयोजित की जा रही है। इन रैलियों की घोषणा से पहले ही सिख जत्थेबंदियों ने सात अक्टूबर को कोटकपूरा से बरगाड़ी तक इंसाफ मार्च निकालने की घोषणा की हुई थी। दोनों प्रमुख पार्टियों के रैलियां रखने के बाद इंसाफ मार्च की कमान आम आदमी पार्टी से बागी नेता सुखपाल सिंह खैरा ने संभाल ली है। इंसाफ मार्च की शुरुआत सुबह 10 बजे कोटकपूरा की नई अनाज मंडी से की जाएगी, जिसकी अगुवाई सुखपाल सिंह खैरा करेंगे। इसमें लोक इंसाफ पार्टी के सिमरजीत सिंह बैंस, सांसद धर्मवीर गांधी समेत शिअद और कांग्रेस विरोधी पार्टियों के नेता भी शामिल होंगे। कोटकपूरा की नई अनाज मंडी में जायजा लेने पहुंचे सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि सिख संगत का मार्च, शिअद व कांग्रेस की रैलियों को मात देगा। वहीं बरगाड़ी मोर्चे की अगुवाई कर रहे भाई ध्यान सिंह मंड व भाई बलजीत सिंह दादूवाल ने कहा कि इंसाफ मार्च को लेकर पंजाब समेत पड़ोसी राज्यों से संबंधित सिख संगत में खासा उत्साह है।