नशा छुड़वाकर दी जाएगी सिखलाई: डीसी
मुक्तसर। राज्य सरकार की ओर से नशा मुक्त समाज का निर्माण करने के लिए चलाई गई डेपो व मिशन तंदरुस्त पंजाब मुहिम तहत नशे के आदी मरीजों का बिल्कुल मुफ्त इलाज हो रहा है। यहां तक कि मरीजों का पुर्नवास केंद्रों पर दाखिला भी बिल्कुल मुफ्त हो रहा है। ये जानकारी डिप्टी कमिश्नर एमके अरविंद कुमार ने मिनी सचिवालय में सोमवार को आयोजित बैठक में दी। पीड़ितों का सिर्फ इलाज ही नहीं बल्कि इलाज के बाद उन्हें हुनर सिखलाई देकर आर्थिक तौर पर आत्मनिर्भर भी बनाया जाएगा ताकि वो दोबारा नशे की दलदल में न फंस सकें। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की ओर से इस संबंध में सख्त निर्देश दिए गए हैं। एक तरफ से जहां पुलिस की ओर से नशे की सप्लाई लाइन तोड़ी जा रही है। जिले में मुक्तसर, मलोट व गिद्दड़बाहा के सरकारी अस्पतालों में ओट क्लीनिक चल रहे हैं। जहां बिना भर्ती नशे के मरीज इलाज करा सकते हैं। सरकार ने ये फैसला भी किया है कि अब मरीज इन क्लीनिकों से सात दिन की दवा एक साथ ले जा सकेंगे। यही नहीं 20 अगस्त तक सभी कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों पर भी ओट क्लीनिक शुरू कर दिए जाएंगे। वहीं मुहिम तहत स्वास्थ्य विभाग ने जिले में चार दवा की दुकानों के लाइसेंस मुअत्तल किए हैं। इन दुकानदारों के खिलाफ जांच में कई कमियां पाई गईं। बैठक में एडीसी (विकास) एचएस सरां, सहायक कमिश्नर जनरल वीरपाल कौर, डीडीपीओ अरुण कुमार, सिविल सर्जन डॉ. सुखपाल सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी मलकीत सिंह भी उपस्थित थे।