कार्रवाई नहीं होने पर धरने पर बैठे खैरा
14 मई को खैरा की कार पर कांग्रेसियों ने किया था हमला
सवा महीने से मरणव्रत पर बैठी दो महिलाओं से जाना हाल
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। जिले में 14 मई को कांग्रेसियों द्वारा आप नेता सुखपाल सिंह खैरा की कार पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई न किए जाने पर शनिवार को खैरा ने फिरोजपुर डीसी ऑफिस के समक्ष धरना दिया। धरने के बाद खैरा सवा माह से डीसी कार्यालय के समक्ष मरणव्रत पर बैठी सरबजीत कौर व सिमरजीत कौर से मिले और उनका हालचाल पूछा। खैरा ने आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर सड़क जाम करने की चेतावनी दी तो एसपी (एच) अमरजीत सिंह उसी समय धरने पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद आप नेताओं ने रास्ता जाम नहीं किया।
खैरा ने कहा कि कांग्रेस के राज में पंजाब में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के एमएलए गरीब व कमजोर लोगों की जमीनों पर कब्जा करने पर तुले हुए हैं। 14 मई को उनकी कार पर कांग्रेसियों ने हमला किया था। यही नहीं पुलिस मुलाजिमों को भी कांग्रेसियों ने पीटा था। अब तक पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया है। इस कारण उन्हें फिरोजपुर आकर धरना देना पड़ा है। खैरा ने कहा कि फिरोजपुर में कांग्रेसी विधायक के रिश्तेदार गांव झोक हरिहर के छह किसान परिवारों की 26 एकड़ जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। मौके पर पटियाला से डा. बलवीर सिंह, अशोक गुप्ता, मलकीत थिंद, किसान नेता फतेह सिंह उपस्थित थे।
--------------------------
फोटो संख्या-02एफजेडआरपी01
कैप्शन--फिरोजपुर में डीसी आफिस के समक्ष मरणव्रत पर बैठी दो महिलाओं से बातचीत करते हुए आप नेता सुखपाल सिंह खैरा।
फोटो संख्या-02एफजेडआरपी02
कैप्शन--फिरोजपुर में डीसी आफिस में धरने को संबोधित करते हुए आप नेता सुखपाल सिंह खैरा।