ठेकेदार का काम सही होने पर ही होगा भुगतान : विधायक
तूड़ी बाजार व इंडस्ट्रियल एरिया में मिली ठेकेदार के कार्य में कई खामियां
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर।
शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास कार्यों में ठेकेदार की ओर से घटिया सामग्री इस्तेमाल करने की मिल रही शिकायतों के मद्देनजर मंगलवार को विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया। तूड़ी बाजार और इंडस्ट्रियल एरिया में चल रहे विकास कार्यों में तमाम खामियां मिली और ठेकेदारों की क्लास लगाई। नगर काउंसिल के ईओ परमिंदर सिंह सुखीजा से विधायक ने कहा कि जब तक इनके कार्य में सुधार नहीं आता तब तक इनका भुगतान न किया जाए।
विधायक परमिंदर सिंह पिंकी ने ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनका कार्य सही नहीं पाया गया तो उन्हें उनके कार्यों का भुगतान नहीं किया जाएगा। पिंकी ने ठेकेदारों को यह भी कहा कि नगर काउंसिल के अधिकारियों और मुलाजिमों को कमीशन देने के चक्कर में कोई घटिया कार्य नहीं करेगा। यदि कोई भी अधिकारी और मुुलाजिम कमीशन मांगता है, उन्हें सूचित करे। ताकि वह विजिलेंस थाना में आरोपी अधिकारी व मुलाजिम के खिलाफ परचा दर्ज करवा सके। पिंकी ने लोगों से कहा कि जिन वार्डों में विकास कार्य चल रहा है वह अपनी एक कमेटी गठित कर ठेकेदार से नियमों मुताबिक विकास कार्य करवाए। यदि कोई ठेकेदार फिर भी घटिया सामग्री इस्तेमाल करता है, उनके मोबाइल फोन पर सूचित करें। पिंकी ने कहा कि नियम मुताबिक टाइलें लगाने से पहले जमीन पर चार इंच का पहाड़ी पत्थर डालने के बाद दो इंच की काली रेत डालने के बाद आईएसआई की टाइल लगेगी।
फोटो संख्या-27एफजेडआरपी03
कैप्शन--फिरोजपुर के शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण करते हुए विधायक व अधिकारी।