अबोहर। सफाई सेवकों की 6 माह का बकाया वेतन जारी करने की मांग को लेकर हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। कोई सुनवाई न होने पर सफाई सेवकों ने बाजार नंबर 12 के बाहर चक्का जाम कर रोष व्यक्त किया। करीब दो घंटे तक चक्का जाम होने से दोनों ओर यातायात व्यवस्था ठप हो गई। पिछले आठ दिनों से सफाई कर्मचारी वेतन की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। इससे पूरे शहर में गंदगी का आलम है। सफाई कर्मचारी यूनियन के पूर्व प्रधान मुकेश सोनी ने कहा कि निकाय विभाग जब तक उनका वेतन जारी नहीं करता तब तक उनकी हड़ताल जारी रहेगी। आज के प्रदर्शन में रिटायर्ड कर्मचारी म्यूनिसिपल यूनियन, किसान मजदूर तालमेल संघर्ष कमेटी और फायर बिग्रेड कर्मचारियों ने भी सहयोग दिया।