चब्बेवाल (होशियारपुर)। चब्बेवाल के बाहरी इलाके में बनी अप्रवासी मजदूरों की झुग्गी बस्ती में सोमवार रात अचानक आग लग गई। बस्ती के एक कोने में बनी कुछ झुग्गियों से शुरू हुई यह आग तेजी से भड़की। बस्ती के बाशिंदों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की। घासफूस और तिरपालों से बनी झुग्गियों में आग तेजी से फैलती चली गई। देखते ही देखते आग ने प्रचंड रूप धारण कर लिया और 400 झुग्गियां जल गई।
खाना बनाते वक्त किसी झुग्गी में चूल्हे से भड़की आग को फैलते देख बस्ती के निवासी अपनी झुग्गियां छोड़ बाहर निकल आए और आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। इस बीच आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। फायर ब्रिगेड की टीम आनन फानन में मौके पर पहुंची। तब तक आग पूरी बस्ती में फैल चुकी थी। करीब 400 झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं। फायर स्टेशन अफसर सादिक मसीद के अगुवाई में फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां और सोनालीका व महावीर स्पिनिंग मिल्स से मंगवाए गए एक-एक फायर टेंडर आग बुझा बुझाई। थाना चब्बेवाल के एसएचओ पुलिस पार्टी सहित मौके पर मौजूद थे।