सिख विद्यार्थियों को मुफ्त मिलेगी प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर लोधी (कपूरथला)। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की गुरुद्वारा श्री बेर साहिब सुल्तानपुर लोधी में प्रधान भाई गोबिंदर सिंह लौंगोवाल की अध्यक्षता में अंतरिम कमेटी की बैठक हुई। बैठक में सिख विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए श्री फतेहगढ़ साहिब स्थित में कोचिंग सेंटर खोलने का फैसला किया गया। इस सभा में कई और भी अहम फैसले लिए गए है।
प्रधान भाई गोबिंद सिंह लौंगोवाल ने पत्रकारों को बताया कि एसजीपीसी की तरफ से श्री गुरु ग्रंथ साहिब वर्ल्ड यूनिवर्सिटी श्री फतेहगढ़ साहिब में आईएएस, आईपीएस और पीसीएस की तैयारी के लिए कोचिंग सेंटर खोला जाएगा, जिसमें सिख विद्यार्थियों की इन मुकाबला परीक्षाओं के लिए फ्री तैयारी करवाई जाएगी। इसके अलावा युवाओं को सिख मार्शल आर्ट से जोड़ने के लिए यहीं पर गतका अकादमी भी खोली जाएगी। कोचिंग सेंटर और गतका अकादमी के लिए सरबत का भला चैरिटेबल ट्रस्ट पटियाला का विशेष सहयोग होगा। उन्होंने बताया कि सभा दौरान 1984 में कांग्रेस सरकार की तरफ से सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब और श्री अकाल तख़्त साहिब के अलावा 37 के करीब और गुरुद्वारों पर किये गए हमले में शहीद हुए सिंह, सिहंनियों के विवरण एकत्रित करके स्मारक स्थापित करने का फैसला लिया गया है। उन्होंने बताया कि जून 1984 के फौजी हमले के दौरान सिख रेफरेंस लाइब्रेरी श्री अमृतसर के चोरी किये गए साहित्यिक खजाने की वापसी के बारे में छपी खबरों के संबंध में 13 जून को श्री अमृतसर में मौजूदा और पूर्व एसजीपीसी पदाधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जो इस मामलों बारे तथ्य की पड़ताल करेगी। उसके बाद अगली कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसजीपीसी अध्यक्ष के अनुसार यूपीएससी के इम्तिहान में से 44वां रैंक हासिल करके आईएएस बनने वाली नानोवाल खुर्द (गुरदासपुर) की लड़की अमृतपाल कौर को एक लाख रुपये बतौर सम्मान दिए जाएंगे। एसजीपीसी ऐसे सिख बच्चों को मुकाबला परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वालों को उत्साहित करेगी। उन्होंने श्री आनंदपुर साहिब में आग लगने से दुकानें जलने की घटनाओं को दुखद घटना बताया। उन्होंने कहा कि एसजीपीसी दुकानदारों से हमदर्दी रखती है। इस घटना के लिए एक सब समिति की गठित करने के बाद प्राप्त होने वाली रिपोर्ट के आधार पर दुकानदारों की सहायत ाकी जाएगी। इस दौरान हलका भादसों के गांव मटोरडा और पेदण की धार्मिक यात्रा पर जा रही संगत की बस हादसाग्रस्त होने के कारण मरने वाले एक व्यक्ति को 50 हजार, चार गंभीर जख्मियों को 20 -20 हजार, एक को 10 हजार और नौ घायलों को 5-5 हजार की मदद की जाएगी। एसजीपीसी सदस्य सुखदेव सिंह बाठ, प्रसिद्ध सिख इतिहासकार डा. किरपाल सिंह और फेडरेशन के मुखी डा. संतोख सिंह भोपाल के निधन पर शोक प्रस्ताव पढ़े गए।