जालंधर। एक बाइक चालक व्यक्ति और एक्टिवा चालक युवती की टक्कर होने से दोनों घायल हो गए। स्थानीय गुलाब देवी रोड पर आमने सामने हुई टक्कर में बाइक सवार के पैर की उंगलियां टूट गई। इस टक्कर में एक्टिवा सवार युवती के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है।
इस घटना के बारे में घायल सोनू पुत्र परमजीत वासी रत्न नगर ने कहा कि वह बैंक में सिक्योरिटी का काम करता है। सुबह वह बैंक में जा रहा था। जैसे ही वह गुलाब देवी रोड पर पहुंचा तो सामने से आ रही एक्टिवा से टक्कर हो गई। एक्टिवा को मनप्रीत पुत्री चरणजीत सिंह वासी बैंक इंकलेव चला रही थी। एक्टिवा का रिक्शा से टकराने से संतुलन बिगड़ गया था। इस दौरान उक्त युवती और युवक दोनों को चोटें आई हैं। थाना 2 की पुलिस ने सूचना मिलने पर जांच शुरू कर दी है।