मुक्तसर। भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धपुर ब्लॉक दोदा की ओर से वीरवार को सब डिवीजन बरीवाला दफ्तर सराएनागा के समक्ष धरना प्रदर्शन किया गया। ये प्रदर्शन किसानों को विभिन्न गांवों में पावरकॉम के कारण आ रही परेशानियों के कारण किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गांव हरिके कलां के खपतकार कुलवंत सिंह पुत्र गुरादित्ता सिंह का मीटर का क्नेक्शन किसी आदमी ने डेढ़ महीने से काटा हुआ है। भीषण गर्मी में बिना बिजली के परिवार का बुरा हाल है। यही नहीं गांव भुट्टीवाला ग्रिड के थांदेवाला फीडर भी तीन महीने से बंद हैं। गांव भुट्टीवाला की सभी मोटरें बंद पड़ी हैं। गांव से आए दिन ट्रांसफार्मर चोरी हो रहे हैं तो कई ट्रांसफार्मरों का तेल चोरी हो रहा है। गांव वट्टू बाजा ग्रिड से फीडर तरखानवाला तक तीन महीनों से बंद पड़े हैं। पावरकॉम कोई सुनवाई नहीं कर रहा। इन मांगों को लेकर मजबूरन उन्हें धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। मौके पर जिला प्रधान सुखदेव सिंह बूड़ा गुज्जर, ज्ञान सिंह भुट्टीवाला, सुखचैन सिंह आसा बुट्टर, गुरदेव सिंह वट्टू, प्रताप सिंह बाजा, जगमीत सिंह चट्ठा, लक्ष्मण सिंह, अजमेर सिंह, जवंत सिंह, बलकरन सिह खालसा उपस्थित थे।