मोगा। श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में शहर में नगर-कीर्तन निकाला जा रहा था। इसी दौरान नगर कीर्तन के साथ चल रहे बच्चों ने नाली में श्री गुटका साहिब के पतरे बिखरे हुए देखे। बच्चों ने नगर-कीर्तन के साथ चल रहे पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी तो इलाके में खलबली मच गई। मौके पर जहां एसएसपी व पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे वहीं विभिन्न सिख जत्थेबंदियों ने मौके पर पहुंचकर श्री गुटका साहिब के खंडित अंगों को एकत्रित किया। दूसरी ओर पुलिस ने आनन-फानन में अज्ञात के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने के आरोप में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक वीरवार को शहर में श्री गुरु अर्जुन देव जी के शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में नगर कीर्तन निकाला जा रहा था। जैसे ही नगर कीर्तन खूनी मसीत के पास मोहल्ला खैरा में पहुंचा तो नगर कीर्तन के आगे सफाई कर रहे किशोर नवदीप सिंह और शिवम सिंह ने सड़क किनारे बनी नाली में धार्मिक ग्रंथ के फटे व जले पतरे देखे। दोनों बच्चों ने कीर्तन के साथ चल रहे पुलिस कर्मियों को इसकी सूचना दी। सूचना पाते ही एसएसपी अमरजीत सिंह बाजवा और एसपी डी हरिंदरपाल सिंह परमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। वहीं विभिन्न सिख जत्थेबंदियो के सदस्य मौके पर पहुंचे और धार्मिक ग्रंथ के पतरों को उठाया।
जांच में पता चला कि श्री सुखमनी साहिब के पाठ और सुंदर गुटका सटीक के पतरे जलाकर नाली में फेंके गए थे। इसके बाद सिख जत्थेबंदियों ने शहर के मुख्य जोगिंदर सिंह चौक में धरना लगा दिया और जांच पूरी होने तक शांतिमय ढंग से रोष व्यक्त किया। वहीं काफी समय तक सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर भी जब पुलिस को कोई सुराग न मिला तो पुलिस ने बहोना चौक निवासी मनप्रीत सिंह के बयान पर अज्ञात के खिलाफ थाना सिटी साउथ में केस दर्ज कर लिया। एसएसपी अमरजीत सिंह बाजवा ने कहा कि उक्त मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी।
फोटो-06मोग15 (सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखते एसपी डी हरिंदरपाल सिंह परमार)
06मोग16 (अखंडित पत्तरों को इक्ठा कर लेकर जाते सिक्ख जत्थेबं दी के सदस्य)