कपूरथला। श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व से संबंधित चल रहे सभी विकास कार्य 30 सितंबर तक पूरे कर लिए जाएंगे। यह दावा लोक निर्माण मंत्री मंत्री विजय इंद्र सिंगला ने सुलतानपुर लोधी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में अपने विभाग से संबंधित कामों की प्रगति का जायजा लेने के लिए अधिकारियों के साथ की मीटिंग के दौरान किया। उन्होंने कहा कि कामों के लिए इस्तेमाल करे जा रहे मैटीरियल की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इस संबंधी कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सुल्तानपुर लोधी में 12 के करीब विकास कामों पर युद्धस्तर पर काम जारी है, जिनमें सुल्तानपुर लोधी को जोड़तीं मुख्य सड़कों के अलावा गांवों की सड़कों का कायाकल्प, पुल और नए रेस्ट हाउस का निर्माण कार्य का काम चल रहा है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों समेत चल रहे कामों का जायजा लिया। इस मौके पर हलका विधायक नवतेज सिंह चीमा, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर (जनरल) कपूरथला राहुल चाबा, एसडीएम सुल्तानपुर लोधी नवनीत कौर बल, डीएसपी सुल्तानपुर लोधी विशालजीत सिंह, एक्सईन पीडब्ल्यूडी (बीएंडआर) वरिंदर कुमार के अलावा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।