जालंधर के सिविल अस्पताल के पीछे बंद पड़ी 120 फुट ऊंची पानी की टंकी गुरुवार को गिर गई। टंकी का मलबा कई दुकानों व मकानों पर गिरा, जिससे लोगों को काफी नुकसान हुआ। हालांकि घटना से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। जानकारी के अनुसार इस टंकी की खस्ता हालत के चलते इसे गिराने का ठेका अलाट किया गया था, जिसका काम एक दो दिन पहले ही ठेकेदार चरण सिंह ने शुरू किया था।
जानकारी के अनुसार दुकानदार दविंदर कुमार निवासी इस्लामगंज मोहल्ला ने बताया कि हेल्थ डिपार्टमेंट की इस पानी की टंकी को बुधवार को तोड़ा जा रहा था लेकिन इलाका निवासियों और दुकानदारों ने विरोध जताना शुरू कर दिया। उन्हें डर था कि टंकी उनकी दुकानों या मकान पर गिर सकती है। मेयर जगदीश राज राजा भी मौके पर आए थे और उन्होंने टंकी तोड़ रहे ठेकेदार चरण सिंह को कहा था कि आप जिस तरह से टंकी तोड़ रहे हैं, उससे किसी का नुकसान हो सकता है।