कांग्रेस के बाद अकाली दल करेगा प्रत्याशी का एलान
फिरोजपुर लोकसभा हलके से कांग्रेस को नए चेहरे की तलाश
कांग्रेस टिकट की दौड़ में शामिल दिग्गज नेता हो सकते हैं रिजेक्ट
कांग्रेस की घोषणा के बाद अकाली दल करेगा प्रत्याशी का एलान
दोनों पार्टी 18 अप्रैल को करेंगी प्रत्याशी घोषित
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। कांग्रेस और शिअद (ब) फिरोजपुर लोकसभा हलके से मजबूत प्रत्याशी की तलाश में जुटे हैं। कांग्रेस टिकट की दौड़ में सांसद शेर सिंह घुबाया, खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी व पूर्व यूथ कांग्रेस अध्यक्ष रमिंदर आवला थे, लेकिन पार्टी अब किसी मजबूत यूथ प्रत्याशी की तलाश में है, ताकि फिरोजपुर में कोई कांग्रेसी विरोध न करे। दूसरी तरफ शिअद (ब) कांग्रेस के प्रत्याशी के एलान का इंतजार कर रहा है। चर्चा है कि 18 अप्रैल को दोनों पार्टी फिरोजपुर लोकसभा हलके के प्रत्याशी की घोषणा करेगी।
सियासी सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस फिरोजपुर संसदीय सीट से किसी मजबूत यूथ प्रत्याशी की तलाश कर रही है। इसीलिए फिरोजपुर के प्रत्याशी की घोषणा 18 अप्रैल को की जाएगी। चर्चा है कि कांग्रेस कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू को फिरोजपुर लोकसभा हलके से चुनाव लड़ाने के लिए भी मनाया जा रहा है। जानकारों का कहना है कि फिरोजपुर से जिन दिग्गज नेता जैसे सांसद शेर सिंह घुबाया और खेलमंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने फिरोजपुर हलके से प्रत्याशी की दावेदारी जताई है, इन दोनों नेताओं की फिरोजपुर के कांग्रेसी नेता, कार्यकर्ता व वर्करों से अच्छे संबंध नहीं हैं। जानकारों का कहना है कि कांग्रेस फिरोजपुर और बठिंडा संसदीय सीट पर मजबूत प्रत्याशी को चुनाव मैदान में उतारना चाहती है। पिछले लगभग 29 वर्षों से कांग्रेस गुजबाजी के चलते फिरोजपुर हलके से चुनाव हारती आई है, लेकिन अब पार्टी ऐसा नहीं होने देना चाहती है।
कांग्रेस की लेटलतीफी के चलते अकाली दल भी फिरोजपुर से अपना प्रत्याशी चुनाव मैदान में नहीं उतार पाई है। सियासी जानकारों का कहना है कि कांग्रेस फिरोजपुर से कोई मजबूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारती है तो सुखबीर बादल फिरोजपुर से चुनाव नहीं लडे़ंगे। इसीलिए अकाली दल कांग्रेस प्रत्याशी की घोषणा का इंतजार कर रहा है।