सरकार मुलाजिम मांगों प्रति गंभीर नहीं : आशा वर्कर
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर। डेमोक्रेटिक मुलाजिम फैडरेशन पंजाब से संबंधित आशा वर्कर व फैसिलीटेटर यूनियन के कच्चे मुलाजिमों में राज्य सरकार के खिलाफ रोष व्याप्त है। शनिवार को राज्य सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए आशा वर्कर व फैसिलीटेटर यूनियन की सदस्यों ने गांव दोदा में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी मुलाजिमों ने कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से बैठक के लिए समय देने के बाद भी वर्करों के साथ बैठक न करना साबित करता है कि सरकार मुलाजिम मांगों प्रति गंभीर नहीं है। आशा वर्कर व फैसिलीटेटर के अलावा वन कर्मी, मिड-डे-मील कुक, दर्जा चार व पार्ट टाइम सफाई सेवकों की मांगें भी लंबित हैं। कच्चे मुलाजिमों की मांगों को सरकार पूरा नहीं कर रही। उन्होंने सभी सरकारी संस्थानों व बोर्ड कारपोरेशन में कार्यरत कर्मचारियों को हर तरह से मान भत्ता देने की मांग भी दोहराई। वहीं पार्ट टाइम सफाई सेवकों को प्रति महीना 8,077 रुपये मासिक भत्ता देने की बात पर जोर दिया। प्रदर्शन में करमजीत कौर, हरपाल कौर, सुखविंदर कौर, सुखजीवन कौर, सरबजीत कौर, वीरपाल कौर समेत अन्य भी शामिल थे।