गांव हमीरा में मिला अज्ञात व्यक्ति का शव
पुलिस को नशे या शराब अधिक पीने से मौत की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
कपूरथला। कपूरथला के समीपवर्ती गांव हमीरा में एक व्यक्ति का शव मिला है। जिसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस को आशंका है कि मृतक की मौत की वजह नशे की ओवरडोज या फिर अत्यधिक शराब के सेवन से हुई है। हालांकि थाना सुभानपुर की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल कपूरथला भिजवा दिया है।
डीएसपी भुलत्थ दविंदर सिंह ने बताया कि थाना सुभानपुर के एसएचओ हरदीप सिंह को बाद दोपहर सूचना मिली कि गांव हमीरा में व्यक्ति का शव पड़ा है। इस पर वह खुद थाना सुभानपुर की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरू की तो गांव के लोगों ने बताया कि इसकी मौत नशे की ओवरडोज से हुई लगती है। लेकिन यह व्यक्ति गांव का नहीं है। डीएसपी ने कहा कि मृतक की जेब से कोई ऐसी चीज नहीं मिली है, जिससे उसकी पहचान हो सके। बस उसके थैले से दो रोटी और आचार के साथ लिपटी हुई मिली है। उन्होंने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मृतक की मौत नशे की ओवरडोज या फिर शराब के अधिक सेवन से हुई है। इसका खुलासा तो मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद ही होगा। उन्होंने आशंका से भी इंकार नहीं किया।