अवैध कालोनियों में जांच के लिए पहुंचे मेयर
बोले-अवैध इमारतों-कालोनियों को गिराकर मालिकों पर दर्ज होंगे केस
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू की तरफ से 8 अफसरों को सस्पेंड करने के 16 दिन बाद आखिरकार मेयर जगदीश राजा इन अवैध कालोनियों में पहुंच ही गए। रविवार को मेयर जगदीश राजा ने एटीपी लखबीर सिंह के साथ उन कालोनियों की जांच की, जिसमें 14 जून को मंत्री सिद्धू पहुंचे थे। मेयर राजा ने कहा है कि इन अवैध कालोनियों व निर्माणों की लिस्ट तैयार कर रिपोर्ट बनाई जा रही है। मेयर ने इस दौरा बस्तियातभ इलाके की करन एन्क्लेव, रामामंडी में तल्हण रोड पर बन रही कालोनी, माडल टाउन में अवैध निर्माण, गुरु नानक मिशन चौक के पास एक अस्पताल की इमारत की जांच की। उन्होेंने चेकिंग के दौरान कहा कि उन्होंने जिन जगहों पर चेकिंग की है, उसमें वायलेशन है। इसे लेकर इमारतों के खिलाफ कार्रवाई होगी। नगर निगम की टीम इन इमारतों को गिराने करने के साथ अवैध रूप से काटी जा रही कालोनियों के मालिकों पर पर्चा दर्ज करवाएगी। इसके लिए निगम कमिश्नर को आदेश दिए गए हैं।
स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने मेयर जगदीश राजा को 5 जुलाई तक अल्टीमेटम दिया था। अब एक जुलाई हो जाने के कारण 4 दिन के भीतर मेयर जगदीश राजा को अवैध कालोनियों व निर्माणों की रिपोर्ट तैयार करना है। यह रिपोर्ट 6 जुलाई को स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू को सौंपी जाएगी।