लुधियाना। केंद्र और राज्य सरकार की स्कीम के तहत गुजरात में स्मार्ट सिटी के तहत काॅलोनी में प्लाॅट दिलाने के नाम पर महानगर के कई लोगों से 14 करोड़ से की ठगी हो गई। आरोपी पैसे लेने के बाद टालमटोल करने लगा। एक पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। कमिश्नरेट पुलिस ने मामले की जांच की और आरोप सही पाए। खन्ना के माता रानी मोहल्ला निवासी गगनदीप सिंह की शिकायत पर थाना दुगरी पुलिस ने नूरवाला रोड के प्राॅपर्टी डीलर राजिंदर कुमार उर्फ डाॅक्टर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरु कर दी है।
गगनदीप सिंह ने पुलिस को शिकायत दी है कि वह प्राॅपर्टी का कारोबार करता है। आरोपी ने उसे गुजरात में केंद्र और राज्य सरकार की स्कीम के बारे में बताया और स्मार्ट सिटी के तहत काटी जाने वाली काॅलोनी के 28 प्लाॅट सौ-सौ गज के बताए। आरोपी ने उसे व कई अन्य लोगों को प्लाॅट दिलाने के नाम पर बयाना भी करवा दिया और 14 करोड़ 71 लाख रुपये ठग लिए। पैसे लेने के बाद आरोपी टालमटोल करने लगा। आरोपी ने बाद में पैसे लौटाने से भी मना कर दिया।