कांग्रेस को सबक सिखाएगी जनता: मलिक
भाजपा के प्रदेश प्रधान ने कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस पर हमला बोला
कहा, कैप्टन सरकार के पास जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
पठानकोट। भाजपा के प्रदेश प्रधान व राज्यसभा सदस्य श्वेत मलिक ने रविवार को कैप्टन सरकार पर सियासी हमला बोला। उन्होंने कहा झूठे वादों से सस्ता हथियाने वाली कांग्रेस सरकार के पास जनता का सामना करने की हिम्मत नहीं बची है। झूठे वादों के बदले कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए जनता 19 मई का इंतजार कर रही है। मलिक पठानकोट-धर्मशाला राष्ट्रीय मार्ग स्थित एक रिसोर्ट में कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
मलिक ने पूर्व की यूपीए सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश के खजाने को दोनों हाथों से लूटा। कांग्रेस ने देश में लंबे समय तक राज किया ओर उसी के कार्यकाल में देश में हजारों करोड़ के घोटाले हुए। हर्षद मेहता से शुरू हुए घोटाल मनमोहन सरकार के दो बार के कार्यकाल तक जारी रहे। मनमोहन सरकार के कार्यकाल में 12 लाख करोड़ के घोटाले हुए और कई मंत्री जेल में रहे। इसके बावजूद भी मनमोहन सिंह ने उन पर कोई नकेल नहीं कसी, जिसका खामियाजा पूरे देश को भुगतना पड़ा।
कांग्रेस के कार्यकाल में देश की 50 करोड़ के करीब जनता जो गरीब तबके से संबंध रखती थी उसकी सुनवाई मोदी सरकार के कार्यकाल में हुई। मोदी ने भ्रष्टाचारियों की जेब से पैसे निकलवाए और उन पैसों से उक्त जनता के लिए कई प्रकार की सुविधाएं शुरू कीं, जो पूरा देश जानता है। सम्मेलन के दौरान पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, पूर्व मंत्री मास्टर मोहन लाल, विधायक दिनेश सिंह बब्बू, मेयर अनिल वासुदेवा, पूर्व सांसद स्वर्गीय विनोद खन्ना की पत्नी कविता खन्ना, सीमा कुमारी, बालकिशन मित्तल, राकेश भाटिया, राकेश राठौर, अनिल रामपाल, परमजीत काला, प्रवीण शर्मा, राकेश शर्मा, कमलजीत चावला मौजूद थे।