माता-पिता की याद में करता रहूंगा समाजसेवा के कार्य: सोनू सूद
अभिनेता सोनू सूद ने जरूरतमंदों को बांटी साइकिल
अमर उजाला ब्यूरो
मुक्तसर/मोगा। बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने वीरवार को पैतृक शहर मोगा में स्थित निवास स्थान पर करीब चालीस जरूरतमंद युवाओं को साइकिल वितरित किए। सोनू सूद ने अपने स्वर्गीय पिता प्रो. शक्ति सागर सूद और माता सरोज सूद की याद में ये साइकिल बांटे। इस दौरान सोनू सूद ने कहा कि वह आज शोहरत और कामयाबी के जिस मुकाम पर हैं, इसके पीछे उनके माता-पिता की मेहनत और आशीर्वाद का सबसे बड़ा हाथ है। उनकी प्रेरणा और आदर्शों पर चलते हुए ही वह आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं कि जरूरतमंदों की मदद कर सकें। इसीलिए वह आगे भी अपने माता-पिता की याद में इस तरह से समाजसेवा के नेक कार्य करते रहेंगे। जिससे उनके किए जाने वाले कार्यों से उनके माता-पिता का नाम सदा चमकता रहे।
उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले उन्होंने दूरदराज से पैदल आने वाले छात्र-छात्राओं और काम पर आने वाले युवाओं को शॉर्ट लिस्ट किया था। जिनके पास आर्थिक तंगहाली के चलते साइकिल तक नहीं थे। ऐसे जरूरतमंद युवाओं को उन्होंने ये साइकिल दिए है। साइकिल देने के पीछे एक उद्देश्य ये भी है कि साइकिल चलाने से युवा अपने स्वास्थ्य को भी तंदुरुस्त रख पाएंगे। सोनू के अनुसार साइकिल चलाना आज स्वास्थ्य को फिट रखने में काफी मददगार साबित होता है। लेकिन लोग समय के साथ साइकिल चलाना छोड़ते जा रहे हैं। पत्रकारों की ओर से राजनीति में आने के सवाल पर सोनू सूद ने कहा कि फिलहाल वो फिल्मों में व्यस्त हैं। इसलिए अभी राजनीति में आने का कोई इरादा नहीं है। सियासत में उनकी रुचि जरूर है। क्योंकि उनकी नजर में सियासत सही मायने में जरूरतमंदों की मदद करने का बेहतरीन तरीका है। सियासत में आकर जरूरतमंदों की सेवा और अच्छे काम आसानी से किए जा सकते हैं। जब सही समय आएगा, तब राजनीति में भी जरूर आऊंगा। मगर फिलहाल ऐसा कोई विचार नहीं है। इस मौके सोनू सूद की पत्नी सोनाली सूद, बहनोई गौतम सच्चर, बहन मालविका सच्चर समेत अन्य मौजूद थे।
(जगदीश जोशी, मुक्तसर)