मुक्तसर। डाकघर के एक खाताधारक से एजेंट ने लॉकडाउन के दौरान करीब साढ़े 13 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। गांव उदेकरन निवासी आरोपी एजेंट सुखचरन पीड़ित से खाते में जमा करवाने के लिए रुपये लेता रहा। परंतु उन्हें जमा नहीं करवाया और फर्जी एंट्री दिखाता रहा। खाताधारक सुदर्शन कुमार को धोखाधड़ी का पता तब चला जब वह पैसे निकलवाने के लिए गए। थाना सिटी में आरोपी पर केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार बागवाली गली निवासी सुदर्शन कुमार ने एजेंट सुखचरन सिंह को सेविंग व टीडी कॉपियों में जमा करवाने के लिए रुपये दिए थे। मगर खाते में रुपये जमा नहीं करवाए, बल्कि कॉपी पर फर्जी एंट्री दिखाता रहा। मामले की पोल खुलने के बाद कई दिन तक विवाद चलता रहा। इसेक बाद पंचायत में एजेंट ने एफिडेविट देकर किस्तों में रुपये लौटाने की बात कही। इस दौरान उसने 1 लाख 20 हजार रुपये लौटाए, मगर कुछ दिन से बाकी रुपये लौटाने का नाम ही नहीं ले रहा था। इसके बाद एसएसपी डी सुदरविली को इस संबंधी शिकायत दी गई। एसएसपी ने कार्रवाई के लिए डीएसपी को मार्क किया था। थाना प्रभारी अंगरेज सिंह ने मामले की पुष्टि की है।