पंजाब सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए बचनबद्ध :सोढी
हलका गुरुहरसहाय के 44 लाभपात्रियों को वितरित किए 19 लाख 73 हजार 908 रुपये के कर्जा राहत सर्टिफिकेट
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर। कैबिनेट मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी ने कहा कि पंजाब सरकार हर वर्ग की भलाई के लिए वचनबद्ध है। सरकार की ओर से जहां हर वर्ग की भलाई के लिए स्कीमें चलाई गई हैं वहीं दलित तथा पिछड़े वर्ग के लोगों के 50 हजार रुपये तक के कर्जे भी माफ किए जा रहे हैं। ये बातें सोढ़ी ने पंजाब अनुसूचित जाति तथा पिछड़ी श्रेणियां तथा वित्त कारपोरेशन के विधान सभा हलका गुरुहरसहाय के 44 लाभपात्रियों को 19 लाख 73 हजार 908 रुपये के कर्जा राहत संबंधी सर्टिफिकेट वितरित करते हुए कही।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार की ओर से चलाई जा रही भलाई योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए महात्मा गांधी सरबत विकास योजना चलाई जा रही है। इस योजना के तहत सरकार की ओर से चलाई जाने वाली लोक भलाई स्कीमों के लाभपात्रियों की पहचान करके निचले स्तर पर सभी स्कीमों का लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से खोले गए मल्टी स्किल डेवलपमेंट सेंटरों में भी रोजगारोन्मुखी कोर्स करवा कर नौजवानों को अपने पैरों पर खड़ा किया जा रहा है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि मिशन तंदुरुस्त पंजाब के तहत भी अलग अलग विभागों की ओर से अपने अपने स्तर पर जहां विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं, वहीं मिलावट खोरी को रोकने के लिए भी बड़े स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने नौजवानों को अपील करते हुए कहा कि वे खेलों की तरह ध्यान दें तथा देश की उन्नति में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि आज दलित व पिछड़े वर्गों से संबंधित लोगों के 50 हजार रुपये तक के कर्जा माफी सर्टिफिकेट दिए गए है। इस मौके पर डिप्टी डायरेक्टर सुशील कुमार, जिला भलाई अफसर हरपाल सिंह गिल, डीएसपी जसवीर सिंह, जिला मैनेजर तलविंदर सिंह और अमृतपाल सिंह मौजूद थे।
-----------------
फोटो संख्या-24एफजेडआरपी01
कैप्शन--फिरोजपुर में कैबिनेट मंत्री राणा सोढ़ी लोगों की समस्या सुनते हुए।