जालंधर नगर निगम ने पास की प्रदेश की विज्ञापन व पार्कों की देखभाल पॉलिसी
जीरो ऑवर में पार्षदों ने रोए अपने दुखड़े, सीवरेज व कूड़े की व्यवस्था पर पार्षदों ने की सख्ती की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
जालंधर। सोमवार को जालंधर नगर निगम में प्रदेश सरकार द्वारा बनायी गयी विज्ञापन व पार्कों की रखरखाव पॉलिसी को पास कर दिया गया। नगर निगम हाउस की बैठक की शुरुआत पर मेयर जगदीश राजा ने पूर्व पार्षद जसविंदर बिल्ला के निधन पर शोक जताया और दो हाउस ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं मेयर ने नव नियुक्त कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा का स्वागत किया और सभी पार्षदों ने अपना परिचय दिया।
नगर निगम में पहली बार पिछली हाउस की बैठक में पास हुए प्रस्तावों की समीक्षा की गई, जो दो घंटे तक चली। इसके बाद जीरो ऑवर शुरू हुआ, जिसमें तमाम पार्षदों ने अपने दुखड़े रोये। भाजपा पार्षद सुशील शर्मा ने मेयर जगदीश राज राजा को घेरा कि अभी भी शहर में अवैध कालोनियां काटी जा रही हैं और यहां पर कांग्रेसी पार्षद पिछले दस साल के मेयर को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। पार्षदों में कई बार कहासुुनी भी हुई। कांग्रेसी पार्षद नीरजा जैन ने पार्षद प्रभदयाल को टोकने पर बुरी तरह से डांटा। भाजपा व कांग्रेसी पार्षदों में हलकी फुल्की नोकझोंक भी चलती रही।
पार्षदों द्वारा लावारिस पशु, सीवरेज, कूड़े की समस्या, सफाई सेवकों का मामला जोरदार ढंग से उठाया गया। पार्षद लखबीर बाजवा व अरुणा अरोड़ा ने सड़कों के निर्माण पर सवाल उठाया कि उच्च क्वालिटी की सड़कों का निर्माण किया जाए।
सोमवार को नगर निगम की हाऊस की बैठक में दस प्रस्ताव पेश किये गए। जिसमें 11 मई 2017 को पंजाब सरकार के नोटिफिकेशन जिसमें पार्कों की देखभाल की पॉलिसी तैयार की गयी है, उसको पास किया गया। इससे अब शहरों में पार्कों की देखभाल का रास्ता साफ हो जाएगा और पॉलिसी के भीतर रहकर ही पार्कों की देखभाल की जाएगी। वहीं पंजाब सरकार द्वारा तैयार की गयी विज्ञापन पॉलिसी को भी सर्वसम्मति से हाउस में पास कर दिया गया।