इंस्पेक्टर ने दी पुलिस को शिकायत, दो अलग-अलग समय में चोरी किया गया गेहूं
संवाद न्यूज एजेंसी
अमृतसर। वेरका स्थित मार्कफेड के गोदाम से 1200 बोरी गेहूं गायब हो गया। वेरका थाने की पुलिस ने मार्कफेड के इंस्पेक्टर कमलजोत सिंह की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज किया है। शिकायत में कहा गया है कि चोरी की इस वारदात को दो अलग-अलग समय में अंजाम दिया गया।
इंस्पेक्टर कमलजोत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मार्कफेड में तैनात है और वेरका स्थित मार्कफेड गोदाम का इंचार्ज है। उसने बताया कि 19 जून की सायं 4 बजे वह गोदाम में पहुंचा और बोरियों की गिनती की तो वह रिकार्ड में दर्ज बोरियों से कम थीं। उसने तुरंत इसकी शिकायत जिला दफ्तर में दी। इस मामले में विभाग के जिला मैनेजर गुरप्रीत सिंह ने इन्क्वायरी मार्क कर दी। अभी जांच चल ही रही थी कि 23 जून को फिर से गोदाम में तैनात स्टाफ को लेकर गेहूं की बोरियों की गिनती की तो वे बहुत बोरियां कम मिलीं। बोरियों को कोई अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। जांच अधिकारी नरिंदर सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
जिले के गोदामों पर रखी जा रही नजर
मार्कफेड के जिला मैनेजर गुरप्रीत सिंह ने बताया कि विभाग के वेरका स्थित गोदाम से गेहूं की कुल 1200 बोरियां गायब पाई गई है। इसके बाद विभाग के जिले में अन्य गोदामों पर लगातार नजर रखी जा रही है और संबंधित इंस्पेक्टरों को समय-समय पर बोरियों की संख्या कर रिपोर्ट देने को कहा गया है।