फोटो 03, अपने परिवार के साथ बैठे छात्र तृणव की फाइल फोटो। संवाद
माता-पिता मेडिकल जांच के लिए गए थे गुरुग्राम, नाना ने घर पहुंचकर देखा शव
पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
पठानकोट। लमीनी स्थित घर में 18 वर्षीय 11वीं कक्षा के छात्र तृणव की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर की पहली मंजिल पर छत से लटका मिला, जिसके हाथ-पैर चुन्नी से बंधे थे। घटना के समय तृणव घर में अकेला था।
उसके माता-पिता मेडिकल जांच के लिए गुरुग्राम गए हुए थे। छात्र के पिता राजेश शर्मा सरकारी स्कूल में शिक्षक हैं, जिनका लीवर ट्रांसप्लांट हुआ था। मंगलवार को तृणव ट्यूशन पढ़ने गया था। शाम 7 बजे तक वापस न लौटने पर नाना मदन मोहन शर्मा को चिंता हुई। उन्होंने पड़ोसियों की मदद से घर में प्रवेश किया।
पुलिस जांच जारी
नाना मदन मोहन शर्मा ने ममटी में तृणव का शव लटका पाया। उनके अनुसार, छात्र के पैर फर्श पर टिके थे और वह कुर्सी के सहारे सीधा बैठा था। थाना-2 पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर जांच शुरू की और शव का पोस्टमार्टम करवाया। थाना-2 के प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि परिवार फिलहाल कोई कार्रवाई नहीं चाहता। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता चलेंगे।